हथकड़ी खिसकाकर थाने से भागा लॉकअप के बाहर बैठा आरोपी

आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार आरोपी बिलखिरिया थाने से हथकड़ी खिसकाकर फरार हो गया। उस वक्त थाने में एक सब इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मी मौजूद थे। ग्राम पड़रिया काछी शांति नगर निवासी महेंद्र सिंह गुर्जर को पुलिस ने अवैध छुरी रखने के आरोप में शुक्रवार दोपहर गिरफ्तार किया था। नशे में धुत महेंद्र छुरी से लोगों को डरा-धमका रहा था। 



पुलिस के मुताबिक रात करीब साढ़े नौ बजे उसे हथकड़ी लगाकर थाने की हवालात के बाहर बिठाया गया था। वह हवलदार बृजेंद्र सिंह की कस्टडी में था। उस वक्त थाने में सब इंस्पेक्टर संदीप पटेल, सिपाही श्रवण और संजय भी मौजूद थे। रात करीब 12 बजे चारों पुलिसकर्मी अपने काम में मशरूफ थे, तभी महेंद्र ने हाथ से हथकड़ी खिसका ली। मौका मिलते ही पुलिसकर्मियों की आंखों से बचते हुए थाने से फरार हो गया। करीब पांच मिनट बाद हवलदार की नजर पड़ी तो उसके फरार होने का पता चला। काफी तलाश के बाद भी जब वह नहीं मिला तो पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया।